शनिवार सुबह सवा नौ बजे बिजनौर के धामपुर दौरे पर जाने से पहले केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर स्पेशल ट्रेन पहुंचे। यहां रेल अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन, आरपीएफ थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों का हाल जाना। इसके बाद उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन के तहत मुरादाबाद मंडल के स्टेशनों को संवारा जा रहा है।
हरिद्वार, बिजनौर, धामपुर, नजीबाबाद समेत अन्य स्टेशनों पर तेजी से कार्य हुआ है। मुरादाबाद स्टेशन का पुनर्विकास किया जाएगा। इस स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाया जाएगा। इसके लिए डिजाइन भी तैयार किए गए हैं। दुनियाभर में अपने हुनर के दमपर पहचान वाले वाली पीतल नगरी के स्टेशन को आने वाले समय में बहुत सुविधाएं मिलेंगी। हर प्लेटफार्म पर स्वचालित सीढि़यां, लिफ्ट और उच्च स्तरीय वेटिंग हाॅल बनाए जाएंगे।
इस दौरान उन्होंने स्टेशन अधीक्षक महेंद्र कुमार और जेई बलजीत सिंह समेत अन्य अधिकारियों से भी बातचीत की। इसके अलावा डीआरएम अजय आनंद मुरादाबाद से मुरादाबाद मंडल के रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। उनके साथ उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल और भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल मौजूद रहे। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद वह करीब आधे घंटे बाद स्पेशल ट्रेन से धामपुर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे और सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे।