मुरादाबाद। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के पांच दिवसीय रोष कार्यक्रम के तहत बुधवार को तीसरे दिन बाइक रैली निकालकर कर्मचारियों ने अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया। यह कार्यक्रम उरमू के महामंत्री बीसी शर्मा के आह्वान और मंडल मंत्री धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष संजय माथुर ने की।
बाइक रैली में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया और एकजुटता का प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना को लागू करना, रेलवे के निजीकरण पर तुरंत रोक लगाने और प्रशासन की कथित तानाशाही नीतियों का विरोध शामिल रहा।
इसके साथ ही कर्मचारियों ने कोरोना काल में फ्रीज की गई महंगाई भत्ते की किश्तों का जल्द भुगतान करने, आठवें वेतन आयोग को शीघ्र लागू करने और रनिंग कर्मचारियों का माइलेज 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने की मांग भी उठाई। अन्य कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से रखा गया।
सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इस दौरान सचिव द्राक्षा जहीर, उपाध्यक्ष बीएल मीना, केके पांडे पीपी सिंह, जय कुमार, विवेक सिंह, हितेश कुमार, मुकर्रम बेग मौजूद रहे।