मुरादाबाद। कोरोना काल में मुरादाबाद रेल मंडल ने माल ढुलाई के नए रिकार्ड बनाए हैं। पिछले सालों की तुलना में इस बार माल ढुलाई से होने वाली आय बढ़ी है। यह रेलवे द्वारा व्यापार विकास इकाइयों को स्थापित करने का परिणाम है। पिछली बार की तुलना में इस बार माल ढुलाई से 8 से 10 फीसदी आय बढ़ी है। रेल प्रशासन ने दिसंबर तक 15 फीसदी अधिक आय अर्जित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
लॉकडाउन में यात्री ट्रेनें बंद होने से रेलवे की अर्थव्यवस्था संकट में आ गई थी। ऐसे समय में रेलवे ने हर जोन में व्यापार विकास इकाइयों की स्थापना की। इसके लिए अधिकारियों की नियुक्ति की गई। अधिकारियों को स्थानीय व्यापारियों से संपर्क करके माल यातायात बढ़ाने का लक्ष्य दिया गया। जिसके परिणाम स्वरूप मुरादाबाद रेल मंडल ने कोरोना काल में माल ढुलाई के नए रिकार्ड बनाए हैं। अगस्त 2019 की बात करें तो रेल मंडल को माल ढुलाई से 44 करोड़ रुपये की आय हुई थी। जबकि इस बार यह आंकड़ा 49 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। इसके अलावा सितंबर 2019 में 45 करोड़ रुपये आय प्राप्त हुई थी। जबकि इस बार 14 सितंबर तक रेल मंडल 23.39 करोड़ रुपये कमा चुका है। जुलाई माह में रेल मंडल में एक दिन में रिकार्ड 210 मालगाड़ियां चलाई गईं। इसके अलावा मुरादाबाद, गजरौला, बरेली, धामपुर आदि से लगातार खाद्य सामग्री व खाद की सप्लाई की जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक तरुण प्रकाश ने बताया कि सोमवार को गजरौला से शीरे की एक रैक (54 वैगन) लोड करके चिंगलपुट्टी (तमिलनाडु) भेजी गई हैं। जिससे मंडल को 98 लाख रुपये मिले हैं। उन्होंने कहा कि माल ढुलाई से होने वाली आय को दिसंबर तक 15 फीसदी बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।