मुरादाबाद। सर्दियां बढ़ते ही रेल पटरियां जवाब देने लगी हैं। बुधवार रात मुरादाबाद रेल मंडल के कैसला, दलपतपुर और रोजा सेक्शन में रेल पटरियां चटक र्गइं। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। बीस से ज्यादा ट्रेनें घंटों जहां तहां रोकने पड़ी। सर्द रात में ट्रेनों के बीच में रुकने से यात्रियों को भी खासी परेशानियां उठानी पड़ीं। ट्रैक ठीक करने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।
मंडल के कैलसा अमरोहा के बीच बुधवार देर रात साढ़े तीन बजे रेल पटरी चटक गई थी। की- मैन की सूचना पर रेल संचालन बंद करा दिया गया। दो घंटे से ज्यादा वक्त तक मुरादाबाद दिल्ली के बीच रेल संचालन ठप रहा। सूचना मिलने पर इंजीनियरिंग शाखा की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक की मरम्मत की। गुरुवार सुबह साढे़ चार बजे ट्रैक ठीक किया गया। इसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। इस दौरान सद्भावना, श्रमजीवी, लखनऊ मेल और मालगाड़ियां बीच में खड़ी रहीं। ट्रैक ठीक करने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। दलपतपुर और कटघर के बीच गुरुवार सुबह पांच बजे रेल पटरी चटक गई। की-मैन ने स्टेशन मास्टर को इसकी जानकारी देकर ट्रेनों का संचालन बंद करवा दिया। इसके अलावा रोजा के पास पटरी जवाब दे गई। इस दौरान एक घंटे तक ट्रेनों का संचालन बंद रहा। इस दौरान नौचंदी, लखनऊ चंडीगढ़ इंटर सिटी, पद्मावत एक्सप्रेस समेत बीस से ज्यादा ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ। ट्रैक ठीक करने के बाद ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दी गई।