देशद्रोह के मुकदमे में नामजद कश्मीर के अनंतनाग का निवासी युवक रफी फारुख के फेसबुक से काफी सनसनीखेज जानकारियां मिली हैं। वह लवर बॉय से जेहादी समर्थक भी बना है। यहां तक कि उसने अपना नाम रफी फारुख के अलावा रैफ फारुख और निकनेम सोनू भी लिख रखा है।
इतने लंबे समय से देश विरोधी पोस्ट को लाइक और शेयर करने के बावजूद किसी ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया। एमआईटी में बीटेक सिविल इंजीनियरिंग (थर्ड ईयर) के कश्मीर के अनंतनाग निवासी रफी फारुख के खिलाफ भाजयुमो के शहर उपाध्यक्ष रोहिताश कुमार ने थाना सिविल लाइंस में देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराया है।
इस पर आरोप है कि फार्मेसी के छात्र मुजस्सम गनी के साथ मिलकर व्हाट्सएप स्टेटस पर पाकिस्तान जिंदाबाद लिखा था। एफआईआर होने के बाद से वह गायब है। उसी के बाद फारुख के फेसबुक को देखा गया तो कई सनसनीखेज जानकारियां सामने आईं हैं।
रफी फारूख 2013 से फेसबुक पर सक्रिय हुआ है। फेसबुक पर उसकी शुरुआत लवर बॉय के रूप में हुई थी। वह रोमांस के उपन्यास पढ़ता है। धीरे-धीरे इसकी मानसिकता में परिवर्तन होता गया।