मुरादाबाद। हिंदू कॉलेज में स्नातक अंतिम वर्ष के करीब तीन हजार विद्यार्थियों के प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड नहीं हो सके हैं, जबकि आखिरी तारीख बीत गई है। कुलसचिव एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने इस संबंध में प्राचार्य को पत्र जारी कर हर हाल में शुक्रवार को अंक अपलोड करवाने के निर्देश दिए हैं।
कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार का कहना है कि स्नातक एवं व्यावसायिक अंतिम वर्ष की प्रयोगात्मक/मौखिक परीक्षाएं करवाकर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अंक अपलोड करने के लिए दो बार अंतिम तारीख में बढ़ोतरी की गई थी और अंतिम तारीख 20 सितंबर निर्धारित की थी। इसके बावजूद हिंदू कॉलेज में 28 बैचों की प्रयोगात्मक परीक्षाओं के अंक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड नहीं किए गए हैं। ऐसा लग रहा है कि प्राचार्य द्वारा प्रयोगात्मक परीक्षा संपन्न करवाने में रुचि नहीं ली जा रही है। यह स्थिति खेदजनक है, क्योंकि बरेली कॉलेज जैसे बड़े कॉलेज में निर्धारित समय में प्रयोगात्मक परीक्षाएं करवा ली गई हैं। इस संबंध में परीक्षा प्रभारी हिंदू कॉलेज डॉ. संजय कुमार रस्तोगी का कहना है कि ये सभी 28 बैच शारीरिक शिक्षा विषय के हैं। करीब तीन हजार विद्यार्थी हैं। इनकी प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं, लेकिन 20 सितंबर को विश्वविद्यालय की वेबसाइट में समस्या होने की वजह से अंक अपलोड नहीं हो सके थे। शुक्रवार को सभी विद्यार्थियों के अंक अपलोड कर दिए जाएंगे।