मुरादाबाद के मूंढापांडे क्षेत्र के करनपुर में बगैर लाइसेंस मेडिकल स्टोर चलाया जा रहा था। औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार को यहां छापा मार कर पांच लाख रुपये की दवाएं जब्त कर लीं। टीम का दावा है कि दुकान से नकली दवाएं बेची रही थीं।
औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त दीपक शर्मा को गोपनीय सूचना मिली कि मूंढापांडे थाना क्षेत्र के करनपुर गांव में नकली और अवैध ढंग से दवाएं बेची जा रही हैं। सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त ने मंडल के औषधि निरीक्षकों की टीम गठित की। टीम में शामिल औषधि निरीक्षक मुकेश जैन, उर्मिला वर्मा, राजेश कुमार (अमरोहा) ने करनपुर में आफताब आलम की दुकान में छापा मार दिया। पूछताछ से पता चला कि दुकानदार आफताब खेर खाता मुरादाबाद का रहने वाला है।
निरीक्षकों ने दुकान से नकली दवाओं के शक में चार नमूने लिए। लाइसेंस नहीं होने के कारण टीम ने मौके से पांच लाख कीमत की दवाएं जब्त कर लीं। टीम में शामिल निरीक्षक मुकेश जैन ने बताया कि दुकानदार के पास लाइसेंस नहीं था। पूछने पर दुकानदार एलोपैथिक दवाओं के खरीदने का सही पता नहीं बता रहा था। उसका कहना था कि एजेंट दवाएं दुकान में पहुंचा जाते हैं। नमूनों को जांच के लिए लखनऊ स्थित लैब में भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल इस मामले में न्यायालय में अभियुक्त के खिलाफ परिवाद दाखिल किया जाएगा।