ठाकुरद्वारा। नौमी मेला कमेटी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मेले और बाबा जाहरवीर दीवान गोगा के मठ की भूमि पर उपवन बनाने और अवैध कब्जे के विरोध में एसडीएम दफ्तर पर प्रदर्शन किया। एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन देकर बताया कि 31 मई 2018 को कुछ लोगों ने ताली वाले तालाब स्थित बाबा जाहरवीर गोगा के मठ को तोड़कर नष्ट कर दिया था। शिकायत पर तत्कालीन डीएम ने नगर पालिका से मठ का पुनर्निर्माण कराया था। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अब आसपास के भूमाफिया मेले की भूमि पर कब्जा कर रहे हैं। पैमाइश कर राजस्व विभाग भूमि को चिन्हित कर देता है लेकिन आरोपी फिर से वहां पर अवैध कब्जा कर लेते हैं। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका वहां पर उपवन बनाना चाहती है।
इस पर एसडीएम जितेंद्र सिंह वीरबाल ने बताया कि मेले की भूमि पर उपवन नहीं बनेगा। उन्होंने कहा कि मौके का निरीक्षण किया है और उपवन को जमनावाला में बनाया जाएगा। उन्होंने कमेटी के कार्यकर्ताओं को मुहर्रम के बाद मेला और मठ की भूमि की पैमाइश कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान मेला कमेटी के अध्यक्ष संजीव सिंघल, शिवेंद्र गुप्ता, नागेंद्र लांबा , धर्मेंद्र कुमार पाल व कमलेश कुमार आदि मौजूद रहे।