बिलारी। नगर में मुंडिया राजा रोड स्थित रॉयल पब्लिक स्कूल सभागार में सोमवार दोपहर बाद प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक बिलारी इकाई की बैठक बुलाई गई। बैठक में टेट को अनिवार्य बनाए जाने का विरोध जताया गया तथा शिक्षकों से अपने हितों की रक्षा के लिए संगठित रहने का आह्वान किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे प्राथमिक शिक्षक संघ के मुरादाबाद जिलाध्यक्ष नीरज कुमार शर्मा और मंडलीय महामंत्री सर्वेश कुमार शर्मा का शिक्षक संघ के स्थानीय पदाधिकारियों ने स्वागत किया। यहां जिलाध्यक्ष ने ब्लॉक कार्य समिति और ब्लॉक संघर्ष समिति के पदाधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्य की समीक्षा की। समिति पदाधिकारियों को पद के अनुसार काम करने का अहसास कराया। इस दौरान कहा गया कि टीईटी को अनिवार्य बनाए जाने के विरोध में शिक्षकों द्वारा 23 से 25 फरवरी तक बांहों पर काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया जाएगा। 26 फरवरी को सभी जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि टीईटी की अनिवार्यता के खिलाफ जरूरत पड़ने पर हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा तथा शिक्षकों को अपने हितों की रक्षा करने के लिए संगठित रखा जाएगा। बैठक की अध्यक्षता प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुरजीत सिंह यादव और संचालन नीरज शर्मा ने किया। ब्लॉक अध्यक्ष ने दावा किया कि सोमवार को अपने अपने स्कूलों में सभी शिक्षकों ने टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में बांहों पर काली पट्टी बांधी है। बैठक में तहसील प्रभारी यतीश चंद्रा, जुल्फेकार अली, अरविंद कुमार, तस्लीम कुरैशी, अर्चना रानी, संगीता कुमारी, नेमपाल सिंह, सतेंद्र कुमार, राममिलन यादव, अशोक कुमार, अनवर हुसैन, भानू प्रताप सिंह, श्रीपाल सिंह, अखलाक हुसैन, सुलेमान अंसारी, दिलशाद हुसैन, शरीफ अहमद आदि शिक्षक भी मौजूद रहे।