मुरादाबाद। ऑक्सीजन को लेकर मची मारामारी के बीच नॉन कोविड निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन की सप्लाई पर रोक लगा दी गई है। इसे लेकर निजी अस्पतालों के एसएनसीयू में भर्ती मासूमों के इलाज पर संकट खड़ा हो सकता है। नर्सिंग होम एसोसिएशन ने एसएनसीयू संचालित अस्पतालों को निर्बाध ऑक्सीजन सप्लाई की मांग की है।
कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने से कोविड अस्पताल फुल हो गए हैं। मरीजों को बेड नहीं मिल रहे हैं। वहीं ऑक्सीजन की किल्लत भी शुरू हो गई है। कोरोना संक्रमित मरीजों को ऑक्सीजन की कमी न हो, इसके लिए नॉन कोविड निजी अस्पतालों की ऑक्सीजन की सप्लाई रोक दी गई है। नर्सिंग होम एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. रवि गंगल ने बताया कि औषधि विभाग के कार्यालय से ऑक्सीजन सप्लाई बंद करने की सूचना दी गई है। ऑक्सीजन सप्लाई बंद करने की कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है। ऐसे में जिन अस्पतालों के एसएनसीयू में बच्चे भर्ती हैं, वहां ऑक्सीजन सप्लाई नहीं पहुंची तो संकट खड़ा हो सकता है। अगर बच्चों की सेहत बिगड़ी तो इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।