कांठ पुलिस ने शनिवार की रात उमरी रोड से दो साल से फरार चल रहे शातिर बदमाश गुड्डू उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इसकी निशानदेही पर चोरी की वैगरआर कार, तमंचे और मोबाइल बरामद किए हैं। वेस्ट यूपी के कई जिले, दिल्ली और उत्तराखंड में लूट व चोरी की ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देने वाले प्रधान पति गुड्डू उर्फ भूरा की पुलिस दो साल से तलाश कर रही थी। उस पर पांच हजार रुपये का ईनाम घोषित था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार शाम उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से प्रधान पति को जेल भेज दिया गया।
एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि दो साल पहले कांठ थानाक्षेत्र के नसीरपुर निवासी सर्राफ धर्मवीर सिंह से लूटपाट हुई थी। वारदात के समय वह उमरी चौराहा स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इस लूटकांड में राजेश, फरमान और कांठ के हरिनूरपुर निवासी प्रधान पति गुड्डू उर्फ भूरा उर्फ जाकिर पुत्र घसीटा का नाम सामने आया था। पुलिस फरमान और राजेश को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। जबकि गुड्डू फरार चल रहा था।
गुड्डे पर पांच हजार का ईनाम घोषित कर दिया गया था। जबकि कुर्की की कार्रवाई भी हो चुकी थी। लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पा रहा था। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात कांठ एसओ अखिलेश प्रधान ने सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर कांठ-अमरोहा मार्ग पर शातिर बदमाश गुड्डू उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके पास से चोरी की एक वैगनआर कार, एक तमंचा, दो कारतूस, एक मोबाइल बरामद किया है। गुड्डू के खिलाफ दिल्ली के गीता कालोनी, पी बाग, पश्चिमी विहार, मडावली पूर्वी, लोधी कालोनी थाने, गाजियाबाद के सिहानी थाने, बिजनौर के नहटौर, नूरपुर,संभल के हयातनगर, नैनीताल के कालाढूगी, मुरादाबाद के कांठ, डिलारी, मूंढापांडे और रामपुर के शहजाद नगर थाने में विभिन्न धाराओं में तीन दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं।