फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad Airport: 25 जनवरी तक हवाई अड्डे से उड़ान संभव, लखनऊ का किराया होगा दो हजार के करीब

Fri, 12 Jan 2024 01:58 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद

सार

मुरादाबाद एयरपोर्ट से हवाई सेवा जल्द शुरू हो सकती है। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। अधिकारियों ने बताया कि बीस जनवरी तक सभी काम पूरे कर लिए जाएंगे। 25 को उड़ान शुरू होने की संभावित तारीख मानी जा रही है।
विज्ञापन
मुरादाबाद हवाई अड्डा - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक माह के भीतर मुरादाबाद समेत प्रदेश के पांच हवाई अड्डों से उड़ान शुरू कराने की घोषणा की है। मुरादाबाद में भी इसकी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। विमानन सेवा प्रदाता कंपनी बिग चार्टर (फ्लाई बिग) ने यहां अपना स्टाफ नियुक्त करने से पहले एएआई को अपनी जरूरतें बताई हैं। एएआई इन्हें पूरा करने में लगा है।

विज्ञापन


दूसरी ओर कंपनी कुछ बिंदुओं पर डीजीसीए से अनुमति ले रही है। 20 जनवरी तक ये सभी कार्य पूरे हो जाएंगे। इसके बाद 25 जनवरी को मुरादाबाद से उड़ान शुरू होने की संभावित तारीख मानी जा रही है। हालांकि एएआई के स्थानीय अधिकारियों के पास लिखित में कोई पत्र नहीं आया है लेकिन मंत्रालय व विमानपत्तन प्राधिकरण के बीच इसी पर वार्ता हो रही है।

सेवा प्रदाता कंपनी के अधिकारी व पायलट दो बार हवाई अड्डे का जायजा ले चुके हैं। ऑपरेशन एरिया व एटीसी टावर को भी परखा गया है। लाइसेंस जारी होने के बाद अब मुरादाबाद हवाई अड्डा उड़ान के लिए पूरी तरह तैयार है। अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद मुरादाबाद से उड़ान शुरू होना तय है।

अगले सप्ताह तैनाती ले सकता है स्टाफ

निजी कंपनी का स्टाफ मुरादाबाद हवाई अड्डे पर 20 जनवरी से पहले तैनाती ले सकता है। इसके अलावा दो 19 सीटर विमान भी यहां लाए जाएंगे। बिग चार्टर कंपनी मुरादाबाद के अलावा देश के गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस समेत अन्य एयरपोर्ट पर भी सेवाएं दे रही हैं।

विज्ञापन


कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि मुरादाबाद से छोटे विमान उड़ान भरेंगे इसलिए उनमें शौचालय की सुविधा नहीं होगी। चूंकि यात्रा एक से डेढ़ घंटे की रहेगी इसलिए भोजन का प्रबंध भी नहीं होगा। हालांकि हवाई अड्डे पर ये व्यवस्थाएं की जाएंगी।

2000 से कम रहेगा लखनऊ तक का किराया

मुरादाबाद हवाई अड्डे से लखनऊ व कानपुर के लिए विमान उड़ान भरेंगे। लखनऊ का किराया 2000 रुपये से कम रहेगा। कंपनी के अधिकारियों की मानें तो 1500 से 1800 रुपये तक में यह सफर पूरा हो जाएगा। इसकी तुलना ट्रेन के किराये से की जाए तो राजधानी एक्सप्रेस में लखनऊ तक फर्स्ट एसी का किराया 2000 रुपये है।

ऐसे में कहा जा सकता है कि ट्रेन के किराये में लोग हवाई सफर कर सकेंगे। ट्रेन से लखनऊ तक जाने में साढ़े पांच घंटे लगते हैं। विमान से यह सफर एक घंटे में पूरा हो जाएगा।

हमारी तैयारियां पूरी हैं। निजी कंपनी अपने संसाधन जुटा रही है। जल्द ही उनका स्टाफ यहां तैनाती लेगा, तारीख निश्चित नहीं है लेकिन इस माह के अंत तक यह कार्य पूरा हो जाएगा। लोकार्पण की सूचना शासन से आएगी। - अमरजीत सिंह, एयरपोर्ट डायरेक्टर

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें