मुरादाबाद। निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा में होने वाले इस आयोजन के लिए 31 जुलाई तक पंजीकरण किए जाएंगे। आयोजन में नए और नियमित निर्यातकों के लिए अगल-अलग हॉल तय किए गए हैं।
हॉल-14 नवोदित निर्यातकों के लिए आरक्षित है। 9 वर्गमीटर का स्टॉल 17 हजार रुपये में उपलब्ध होगा। हॉल-15 नियमित निर्यातकों के रखा गया है। जहां 12 वर्गमीटर स्टॉल की कीमत 1.13 लाख रुपये तय की गई है। ओडीओपी श्रेणी के निर्यातकों को 75 प्रतिशत तक शुल्क प्रतिपूर्ति भी मिलेगी। एमएचईए के अध्यक्ष नावेद उर रहमान ने बताया कि इस ट्रेड शो के जरिये जिले के निर्यातकों को वैश्विक खरीदारों से सीधे जुड़ने और नए कारोबार के अवसर तलाशने का बड़ा मंच मिलेगा।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील से निर्यातकों की बढ़ीं उम्मीदें
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर जिले के निर्यातकों में उत्साह का माहौल है। निर्यातकों का कहना है कि यह डील हस्तशिल्प उत्पाद और एमएसएमई सेक्टर के लिए नए अवसर लेकर आएगी। निर्यातक बताते हैं कि जिले के पीतल, लकड़ी, ग्लास और रेजिन उत्पादों के निर्यात को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। ब्यूरो