एडीएम प्रशासन गुलाब चंद्र ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर चार जून को मंडी समिति में मतगणना की जाएगी। मुरादाबाद लोकसभा चुनाव के लिए सामान्य प्रेक्षक कुमार राहुल आएंगे, लेकिन कुंदरकी और बिलारी विधानसभा के मतगणना पर नजर रखने के लिए एक महिला प्रेक्षक की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए 14 टेबल और एक एआरओ का टेबल होगा। एक टेबल पर चार सुपरवाइजर, मतगणना सहायक सहित चार कर्मचारी तैनात रहेंगे। मतगणना में करीब 500 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मतदेय स्थलों के अनुसार गिनती के लिए राउंड तय किए गए हैं।
इनमें कांठ विधानसभा क्षेत्र के 819 मतदेय स्थलों के लिए 30 राउंड, ठाकुरद्वारा के 408 मतदेय स्थलों के मतों के लिए भी 30 राउंड, मुरादाबाद ग्रामीण के 399 मतदेय स्थलों के लिए 29 राउंड, मुरादाबाद नगर के 502 मतदेय स्थलों के लिए 36 राउंड, कुंदरकी के 436 मतदेय स्थलों के लिए 32 राउंड, बिलारी क्षेत्र के लिए 30 राउंड गिनती की जाएगी। मतगणना के लिए 29 मई को पंचायत भवन में सीडीओ के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण होगा। कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। बिजली विभाग के अधिकारी पहले से फाल्ट दुरुस्त कराएंगे। नगर निगम सफाई व्यवस्था संभालेगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम मतगणना के दौरान मौजूद रहेगी।
आयोग ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जानकारी ली
लखनऊ स्थित चुनाव आयोग के अधिकारियों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिले के अधिकारियों से मतगणना की तैयारी के बारे में जानकारी ली। बताया गया कि कर्मचारियों की ट्रेनिंग के लिए तिथि निर्धारित की गई है। आयोग की गाइडलाइन के तहत मतगणना की जाएगी।