कांठ। खेत पर जा रहे महिला ग्राम प्रधान के ससुर की ट्रेन की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। जिससे परिवार वालों में कोहराम मच गया। उन्होंने पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र का गांव महमूदपुर माफी नगर से सटा हुआ है। इस गांव की महिला ग्राम प्रधान प्रियंका रानी के ससुर हेमराज सिंह (68) किसान थे। बुधवार की शाम वह गांव से बाहर रेलवे लाइन के पार स्थित अपने खेत पर जा रहे थे। अचानक रेल लाइन पार करते समय वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गए और टक्कर लगने की वजह से गिरकर उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही कांठ थाना पुलिस सहित जीआरपी भी मौके पर पहुंच गई। इधर वृद्ध किसान हेमराज सिंह के खेत से घर नहीं लौटने पर परिवार वाले भी चिंतित हो गए और वह उन्हें देखने के लिए शाम करीब सात बजे खेत की तरफ जा रहे थे कि रेलवे लाइन पर पुलिस और जीआरपी को देख यहीं रुक गए।
उन्होंने पास जाकर देखा तो हेमराज सिंह मृत अवस्था में पड़े हुए थे। परिवार के लोग बिना किसी कार्रवाई पहले तो शव को घर ले गए, लेकिन बाद में उन्होंने पुलिस से पोस्टमॉर्टम कराने के लिए कहा। जिस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामे की कार्रवाई कर पोस्टमॉर्टम कराया।
बृहस्पतिवार की दोपहर शव लौटने पर परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी राजो देवी, बड़े बेटे घनश्याम सिंह, छोटे बेटे दिनेश कुमार, पंकज कुमार सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बाद में परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। तमाम लोगों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।