मुरादाबाद। यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी इस बार सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में की जाएंगी। पहले यह केवल मुख्य परीक्षाओं में ही होती थी। संयुक्त शिक्षा निदेशक द्वादश मंडल मुरादाबाद का कहना है कि सभी विद्यालयों को सीसीटीवी कैमरे ठीक करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में अभी तक बोर्ड ने 112 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। हालांकि 30 दिसंबर को बोर्ड की ओर से केंद्रों की फाइनल सूची जारी की जाएगी। मुरादाबाद मंडल में दूसरे चरण में दो फरवरी से नौ फरवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी। यह परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की देखरेख में होंगी। स्कूल की पूरी गतिविधि कंट्रोल रूम की स्क्रीन पर देखी जा सकेगी। अब तक मुख्य परीक्षाओं की निगरानी कंट्रोल रूम से होती थी और प्रयोगात्मक परीक्षाओं के समय वहां से वीडियो मंगाए जाते थे। स्कूल संचालक प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान खुद वीडियो बनाकर भेजते थे। इस बार वीडियो न मंगवाकर सीधे कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी।
संयुक्त शिक्षा निदेशक द्वादश मंडल मनोज द्विवेदी ने बताया कि सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश भी यही हैं कि परीक्षा से पहले उनके यहां के सभी सीसीटीवी कैमरे और वायस रिकॉर्डर क्रियाशील रहें। यदि कहीं बंदर आदि की वजह से सीसीटीवी कैमरों का तार टूट जाता है, तो उसे दुरुस्त करवा लें। पहले प्रयोगात्मक परीक्षाओं में वीडियो रिकॉर्डिंग का नियम था, अब सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में करवाने के निर्देश हैं। ब्यूरो