कांठ। भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान श्री परशुराम जी का जन्मोत्सव मनाने के लिए ब्राह्मण समाज के लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांठ नगर में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा पंजी. के तत्वाधान में 16 अप्रैल से प्रभातफेरी के साथ चार दिवसीय भव्य कार्यक्रम की शुरूआत की जाएगी। जिसकी सफलता के लिए गांव-गांव भ्रमण कर समाज के लोगों से संपर्क किया जा रहा है।
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा की जिला/क्षेत्रीय इकाई के पदाधिकारी और सदस्यों ने जिलाध्यक्ष आचार्य भावेश शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में समाज के लोगों से संपर्क करते हुए बताया कि कांठ नगर में भगवान श्री परशुराम जी का जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 16 अप्रैल की सुबह साढ़े पांच बजे से प्रतिदिन यानि 18 अप्रैल तक प्रभातफेरी निकाली जाएगी। जिसमें ब्राह्मण महिलाओं और पुरुषों के द्वारा भगवान श्री परशुराम की महिमा का गुणगान किया जाएगा। इसके बाद 19 अप्रैल को सुबह 10:00 बजे भगवान परशुराम का वैदिक पूजन, 11:00 बजे से गोष्ठी व भंडारा, अपराह्न चार बजे से नगर में भव्य विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा नगर के मोहल्ला विशनपुरा स्थित पंडित बाबूराम शर्मा क्षेत्रीय ब्राह्मण धर्मशाला से शुरू होगी, जबकि इससे पूर्व गोष्ठी व भंडारा तहसील के सामने डॉक्टर विनोद प्रकाश शर्मा कॉम्प्लेक्स पर होगा। जिलाध्यक्ष आचार्य भावेश शर्मा ने क्षेत्र के गांव अहमदपुर निंगू नंगला, विलायत नगर, दुम्हैला, मुख्त्यारपुर नवादा, समदपुर आदि संपर्क किया। संजय कौशिक, अबरीश शर्मा, तपेंद्र शर्मा, आकाश शर्मा, बबलू शर्मा, पवन शर्मा, सोमेश शर्मा, केशव शर्मा आदि रहे।