अगवानपुर (मुरादाबाद)। नगर पंचायत अध्यक्ष गुलरेज खान के भतीजे के मेडिकल स्टोर पर बृहस्पतिवार को टाटा सफारी से आए लोगों ने खुद को नार्कोटिक्स विभाग का अधिकारी बताकर छापा मार दिया। स्टोर में कफ सिरप मिलने पर एक लाख रुपये की मांग रखी। इसके बाद आठ हजार रुपये वसूलकर मौके से भाग गए।
अगवानपुर में टेंपो स्टैंड स्थित नगर पंचायत अध्यक्ष गुलरेज खान के भतीजा अमन खान का मेडिकल स्टोर है। बृहस्पतिवार को बिना नंबर प्लेट की टाटा सफारी में तीन लोग उसके मेडिकल पर आए। उन्होंने खुद को नार्कोटिक्स विभाग का अधिकारी बताकर मेडिकल स्टोर में दवाइयों की छानबीन शुरू कर दी। कुछ दवाइयां देखते ही उन्हें प्रतिबंधित दवाई बता दिया। ये सुनकर मेडिकल स्टोर संचालक घबरा गया। वहीं, साथ आए एक व्यक्ति ने मेडिकल स्वामी से सौदेबाजी शुरू कर दी। शुरुआत में युवक से एक लाख रुपए की मांग कर दी। यह बात सुनकर युवक ने अपने परिजनों को फोन कर मेडिकल पर आने को कहा। यह बात सुनकर तीनों लोग घबरा गए और युवक को गाड़ी में बैठने का दबाव बनाने लगे। इसी दौरान मेडिकल स्टोर संचालक ने उन्हें आठ हजार रुपये दे दिए। लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी कार में बैठकर भाग गए। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता का कहना है कि कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।