बिलारी। क्षेत्र के सहसपुर गांव निवासी युवक से फोन करने वाले ने अपने को बैंक कर्मी होना बताकर क्रेडिट कार्ड का नंबर ले लिया और बाद में उसके यश बैंक के खाते से 1.39 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज करने को पुलिस को तहरीर दी है।
सहसपुर के मोहल्ला गढ़ी निवासी सरफाराज आलम फेरी लगाकर घरेलू सामान बेचने का काम करता है। सरफराज आलम के अनुसार मंगलवार दोपहर उसके मोबाइल नंबर पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने स्वयं को यश बैंक का कर्मचारी बताते हुए बीमा होने की प्रक्रिया की बात कहकर व्हाट्सएप नंबर मांगा। सरफराज को विश्वास में लेने के लिए फोन करने वाले ने यह भी कहा कि हम अपनी बैंक शाखा के किसी भी ग्राहक से ओटीपी नहीं मांगते हैं लिहाजा यदि कोई मांगे तो उसे ओटीपी मत देना। यह सुनकर सरफराज को पूरा विश्वास हो गया कि फोन करने वाला यश बैंक का ही कर्मचारी है।
सरफराज के अनुसार बाद में बैंक कर्मी बताने वाले ने एक लिंक भेजा और उस पर क्रेडिट कार्ड का नंबर डालने को कहा। बाद में जैसा फोन करने वाला कहता रहा वैसे ही ऑपशन पर सरफराज क्लिक करता रहा। थोड़ी ही देर में उसके बैंक खाते से एक लाख 39 हजार रुपये धोखाधड़ी करके निकाल लिए गए और बाद में संबंधित फोन नंबर स्विच ऑफ हो गया। सरफराज ने मंगलवार शाम थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करने को पुलिस को तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि मिली शिकायत की जांच की जा रही है।