मुरादाबाद। नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) पर मुस्लिमों का भ्रम दूर करने के लिए भाजपा के जन जागरण अभियान की शुरुआत करने मुरादाबाद पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की पूरी कवायद भाजपा और संघ से जुड़े लोगों के घरों तक सिमटकर रह गई। भाजपा के जन जागरण अभियान का मकसद मुस्लिमों को सीएए का सच बताकर उनका भ्रम व डर दूर करना है। लेकिन रविवार को उप मुख्यमंत्री साढ़े चार घंटे तक शहर में भाजपा नेताओं के घर- घर जाकर सीएए के बारे में जानकारी देते नजर आए।
भाजपा ने रविवार से पूरे देश में नागरिकता संशोधन विधेयक पर जन जागरण अभियान शुरू किया है। ताकि मुस्लिमों का भ्रम इस कानून पर दूर करके कांग्रेस और सपा के हमलों की धार कुंद की जा सके। इसी के तहत मुरादाबाद पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पहले सर्किट हाउस और फिर भाजपा नेताओं के घरों से जोर देकर कहा कि सीएए नागरिकता देने वाला कानून है, लेने वाला नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा मुस्लिम भाइयों को गुमराह कर भ्रम पैदा कर रही है कि सीएए से मुस्लिमों की नागरिकता छीन ली जाएगी। जबकि देश के नागरिकों खास तौर पर मुस्लिमों पर सीएए का रत्ती भर प्रभाव नहीं पड़ेगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्यादातर लोग सच पता चलने के बाद कांग्रेस सपा की उकसावे की कार्रवाई से दूर हो गए हैं। यदि फिर भी कहीं भ्रम रह गया है तो जन जागरण अभियान के माध्यम से पार्टी सीएए पर मुस्लिमों का भ्र्र्रम दूर कर उन्हें सचाई बताएगी।
सीएए पर उपजा आंदोलन मुस्लिमों की नागरिकता छीने जाने के भ्रम पर फोकस है। उप मुख्यमंत्री का पूरा भाषण भी अल्पसंख्यकों का भ्र्र्रम दूर करने पर ही केंद्रित था। लेकिन खास बात यह रही कि वह खुद जन जागरण अभियान के तहत यह बात समझाने किसी मुस्लिम के घर नहीं गए। मुस्लिम बहुल इलाके या फिर भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों के घरों पर भी उप मुख्यमंत्री कोई कार्यक्रम नहीं लगा था। उप मुख्यमंत्री पूरे साढ़े चार घंटे सीएए पर उन्हीं लोगों का भ्रम दूर करते नजर आए जिन्हें पहले से इस पर कोई भ्रम है ही नहीं।
सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस के बाद डिप्टी सीएम का काफिला दिल्ली रोड पर निर्यातक सतपाल की ग्लोब एक्सपोर्ट पर पहुंचा। यहां कुछ निर्यातकों के साथ भाजपाइयों की भीड़ थी। इसके बाद वह इलेवन ऑर्चिड में भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष चंदर प्रजापति के घर पहुंचे। यहां से भाजपा के महानगर महामंत्री नत्थूराम कश्यप और उनके भाई हिंदू जागरण मंच के नेता राम प्रसाद कश्यप के लिटिल फ्लोवर स्कूल पहुंचे। इसके बाद पुतलीघर रोड पर भाजपा से पार्षद का चुनाव लड़ रहे दीपक सैनी के घर गए। उनके पिता भाजपा पार्षद नन्हू सैनी की करीब आठ माह पहले दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद गांधी नगर में भाजपा विधायक रितेश गुप्ता के आवास पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने लोगों को सीएए के बारे में जानकारी दी। यहां से अधिवक्ता सुधीर गुप्ता के आवास पर और इसके बाद मानसरोवर कालोनी में आरएसएस के अहम पदाधिकारी अजय गोयल सुगंध के भाई और र्साइं अस्पताल के संस्थापक डा. वीके गोयल के आवास पर उप मुख्यमंत्री ने दस्तक दी।
अल्पसंख्यक मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रईस पठान ने फिलहाल अपने घर पर कार्यक्रम लेने में असमर्थता जताई थी। भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम होंगे जिनमें नेता उनके घर पहुंचेंगे। ग्लोब एक्सपोर्ट में निर्यातकों को इकट्ठा किया गया था। डा. वीके गोयल के आवास पर उप मुख्यमंत्री ने शहर के चिकित्सकों से मुलाकात की। सुधीर गुप्ता के आवास पर अधिवक्ताओं का इकट्ठा किया गया था। - धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, महानगर अध्यक्ष भाजपा।