मुरादाबाद। शादी के इरादे से युवती को लेकर फरार हो जाने के आरोपी कोटेदार द्वारा युवती से शादी कर लेने तथा उसके मायके वालों द्वारा उसकी ऑनर किलिंग का खतरा बताते हुए ट्वीट किए जाने के तीसरे दिन मुरादाबाद पुलिस चेती है। मझोला थाना प्रभारी को प्रभावी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
सोनकपुर देहात ग्राम पंचायत का राशन डीलर तुफैल अहमद एक जुलाई को गांव की ही एक युवती के साथ फरार हो गया था। युवती के परिवार वालों ने कोटेदार व उसके परिवार के तीन लोगों पर जबरन शादी के इरादे से उसे अगवा करने की रिपोर्ट भी तीन जुलाई को मझोला थाने में दर्ज कराई है। एक सप्ताह पहले पुलिस को युवती मिल गई थी। लेकिन पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बजाय परिवार वालों की सुपुर्दगी में दे दिया था। कोटेदार ने आठ जुलाई को पत्र भेज कर पुलिस के आला अधिकारियों को बताया था कि उसने युवती से निकाह कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश करने की भी मांग की, लेकिन पुलिस ने नहीं सुनी। पुलिस युवती को जब एक सप्ताह बाद भी कोर्ट के समक्ष पेश नहीं कर सकी तो आरोपी डीलर ने 14 जुलाई को मुरादाबाद पुलिस, यूपी पुलिस और एडीजी बरेली के ट्विटर हैंडल पर सूचना देकर मदद की गुहार की। इसके बाद भी जब पुलिस ने युवती को कोर्ट में पेश नहीं किया तो उसने 15 जुलाई को पुलिस के इन आला अधिकारियों को ट्वीट कर युवती को अपनी पत्नी बताते हुए उसको युवती के परिवार वालों से ऑनर किलिंग का खतरा बताते हुए उसे बचाने की गुहार की। दो दिन तक पुलिस की उस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। अमर उजाला में इस आशय की खबर प्रकाशित होने के बाद रविवार मुरादाबाद पुलिस ने री-ट्वीट कर बताया कि थाना प्रभारी मझोला को प्रकरण को उच्चप्राथमिकता देते हुए वैधानिक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित कर दिया गया है।
--