कांवड़ यात्रा मार्ग की दुकानों पर नाम लिखने के फरमान से मचे भूचाल के बीच फड़ खोमचे वालों के रजिस्ट्रेशन को लेकर मुरादाबाद पुलिस सख्त हो गई। अब नगर निगम में रजिस्ट्रेशन कराने के साथ ही फड़ खोमचे वालों को थाने में भी सूचना देनी होगी। जिसका रिकाॅर्ड थाने के रजिस्टर में दर्ज होगा। पुलिस बीच-बीच में इनका सत्यापन भी करेगी।
शहर के अलग-अलग मोहल्लों, कॉलोनी, बाजार में फड़ खोमचे लगाकर लोग अपना परिवार पाल रहे हैं। इसके लिए उन्हें नगर निगम में रजिस्ट्रेशन कराने होता है। इसके बाद ही उन्हें व्यापार करने की अनुमति मिलती है। वहीं पुलिस कांवड़ मार्गाें पर सुरक्षा व्यवस्था चौकस करने में लगी है। सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जा रही है। मार्गाें पर अपना छोटा बड़ा व्यापार करने वाले सभी लोगों पर पुलिस और खुफिया विभाग की नजर है। बड़े दुकान और होटल ढाबा चलाने वालों का रिकाॅर्ड तो अधिकतर पुलिस के पास है, लेकिन फड़ और खोमचे वालों का रिकाॅर्ड नहीं होता है। अब छोटे दुकानदार, फल खोमचे वालों का रिकाॅर्ड भी पुलिस अपने पास रखेगी।
अफसरों ने सभी थाना प्रभारी और चौकी इंचार्जाें को आदेश दिया है कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में फड़, खोमचे और ठेले वालों का भी रिकाॅर्ड रखेंगे। इसके लिए हर थाने में एक रजिस्टर तैयार किया जा रहा है। जिसमें उनके नाम और मोबाइल नंबर दर्ज किए जाएंगे। इसके अलावा फड़ और खोमचे लगाते समय वह आधार कार्ड अपने पास रखेंगे। पुलिस उनका सत्यापन करेगी। ये देखा जाएगा कि रजिस्ट्रेशन कराने वाला व्यक्ति अपनी दुकान पर है या नहीं। पुलिस का मकसद है कि ऐसा करने से संदिग्ध लोगों पर आसानी से नजर रखी जा सकती है। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों लगाए जा रहे हैं। बीच बीच में सादा वर्दी में पुलिस कर्मी भी तैनात रहेंगे। इसके अलावा कांवड़ मार्गाें पर फड़ खोमचे, खोखे लगाने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है।