मूंढापांडे(मुरादाबाद)। वीरपुर वारियर उर्फ खरग गांव में चोरी के मामले की विवेचना करने गई पुलिस टीम पर वादी पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उपनिरीक्षक और कांस्टेबल घायल हो गए। दोनों का उपचार सीएचसी मूंढापांडे में कराया गया। पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
गांव निवासी अहमद अली उर्फ नन्हे ने 29 मार्च को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि वह परिवार के साथ पंजाब में मजदूरी करता है। 28 अप्रैल को बेटे की शादी थी। इसी बीच चोर पड़ोसी की छत के सहारे घर में घुसकर 1.10 लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए।
पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए शनिवार दोपहर उपनिरीक्षक आकाश परमार और कांस्टेबल प्रशांत कुमार साक्ष्य जुटाने गांव पहुंचे। पूछताछ के दौरान परिजन आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर वादी पक्ष ने पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें दोनों घायल हो गए।
सूचना पर थाना प्रभारी मोहित चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दबिश देकर दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी के अनुसार, उपनिरीक्षक आकाश परमार की तहरीर पर वादी अली अहमद समेत 12 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी नूरी पत्नी सलमान और रेशमा पत्नी शहनवाज को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस पर जानलेवा करने के 12 आरोपी
वीरपुर वारियर उर्फ खरग में पुलिस पर हमला करने के मामले में अहमद अली, उसकी पत्नी अनवरी, बेटा आलिम, नाजिम, सलीम छथि, मुस्कान, नूरी, भूरी, रेश्मा, शहनवाज, शाकिर, नासिर नामजद अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गह है। पुुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। 10 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का पुलिस प्रयास कर रही है। घटना में घायल पुलिसकर्मियों को गुम चोट लगी है।