ठाकुरद्वारा। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने नगर के एसडीएच इंटर कॉलेज में फर्जी टीसी से एडमिशन और मिड डे मील घोटाले में शिक्षक पर लगे आरोपों की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ विक्रम सिंह ने एसएसपी से शिकायत कर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी के आदेश पर मंगलवार को कोतवाली के एसएसआई बृजेंद्र सिंह ने कॉलेज में पहुंचकर आरोपी की जांच की। उन्हें प्रधानाचार्य ने आरोपों से संबंधित फर्जी टीसी से एडमिशन और मिड डे मील में घोटाले के अपने दावे के सबूत उपलब्ध कराए। उनकी फोटो प्रति पुलिस को सौंपी गई। कॉलेज के शिक्षक सईदुल जफर के खिलाफ कॉलेज के ही वरिष्ठ प्रवक्ता अनुज कुमार गुप्ता ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। जिस पर डीआईओएस ने इसकी जांच शुरू कराई थी। जांच राजकीय इंटर कॉलेज मूंढापांडे और राजकीय इंटर कॉलेज मानपुर मुजफ्फरपुर की प्रधानाचार्य को दी गई थी। जिसकी जांच से रिपोर्ट दोनों प्रधानाचार्य की समिति ने डीआईओएस को सौंप दी है। जिसमें उन्होंने सईदुल जफर पर लगे आरोपों की पुष्टि की है। इस पर डीआईओएस ने कॉलेज के प्रबंधक को जांच रिपोर्ट के हवाले से कहा कि समिति की 10 जून 2025 की रिपोर्ट में शिक्षक पर लगे आरोपों को सही बताया है। इसलिए प्रबंधक आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई करें। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ विक्रम सिंह का कहना है कि डीआईओएस के निर्देश के बाद भी प्रबंधक ने आरोपी शिक्षक जफर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। इसलिए उन्होंने इसकी शिकायत एसएसपी से की है। उधर जांच करने वाले कोतवाली के एसएसआई बृजेंद्र सिंह ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। उनका मानना है कि इस मामले में जांच में कार्रवाई शिक्षा विभाग के अधिकारियों को करनी चाहिए।