कांठ। पांच साल के अबुजर का शव घर से 500 मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में पड़ा था। पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई थी। शनिवार शाम पुलिस खोजी कुत्ते को लेकर कांठ पहुंची और बच्चे के कपड़े सुंघाए। इसके बाद कुत्ता दौड़ने लगा और गन्ने के खेत में पहुंच गया। पुलिस टीम भी कुत्ते के पीछे पीछे दौड़कर गन्ने के खेत में पहुंच गई। तब पुलिस बच्चे के शव को बरामद करने में सफल रही। इसके अलावा कुत्ता बच्चे के परिवार के एक सदस्य के पास भी जाकर रुका था। इसके कारण पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है।
दो बहनों का इकलौता भाई था अबुजर
गन्ने के खेत में मृत अवस्था में पड़ा मिला नर्सरी कक्षा का छात्र अबुजर अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। वह नगर के ही केसी पब्लिक स्कूल में पढ़ता था। उसकी मौत से बहन अलीना और आलिया का भी रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे के गम में मां शमा परवीन बार बार बेहोश हो रही थीं। उन्हें परिवार की महिलाएं ढाढ़स बंधा रही थीं।
बच्चे के चाचा पर शक
गला रेतकर पांच साल के मासूम बालक अबुजर की हत्या के के मामले में पुलिस ने उसके सगे चाचा जीशान को शक के आधार पर हिरासत में लिया है। पुलिस उससे गहनता के साथ पूछताछ कर रही है। इधर क्षेत्र में चर्चा भी तेज है कि इस वारदात को अबुजर के चाचा जीशान ने ही अंजाम दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार सिंह और कस्बा चौकी प्रभारी यशवीर सिंह का कहना है कि संदेह के आधार पर जीशान से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
-
परिजनों को ढाढ़स बंधाने पहुंचे जनप्रतिनिधि
नगर के मोहल्ला ईदगाह नईबस्ती निवासी बैंडेज कारोबारी नसीमुद्दीन उर्फ भूरे के पांच साल के बेटे अबुजर की गला रेत कर निर्मम हत्या के बाद से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां शमा परवीन और पिता नसीमुद्दीन उर्फ भूरे को लोग ढाढ़स बंधा रहे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष इकबाल आलम, एआईएमआईएम नेता जुल्फिकार अहमद, युवा नेता आरिफ मलिक, कांग्रेस नेता फिरोज अनवर, समाज सेवी रिजवान शकील आदि तमाम लोगों ने परिजनों को सांत्वना दी।