पुलिस ने देह व्यापार की सूचना पर शुक्रवार को रतूपुरा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस पर छापा मारा। गेस्ट हाउस में कुछ युवक-युवतियां संदिग्ध हालात में मिले। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच चल रही है।
शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे सूचना मिली कि रतूपुरा रोड स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। सूचना पर कोतवाली कस्बा इंचार्ज पुलिस के साथ गेस्ट हाउस में पहुंचे। पुलिस को देख गेस्ट हाउस के रिसेप्शन पर बैठा एक कर्मचारी भाग गया। इसके बाद पुलिस ने गेस्ट हाउस में बने तीन कमरों के दरवाजों को खटखटाया। इस बीच एक कमरे में मौजूद युवक-युवती पुलिस को चकमा देकर भाग गए। वहीं अन्य कमरों में मिले युवक-युवती से पुलिस ने पूछताछ की। हालांकि बाद में सभी को छोड़ दिया।
इसके बाद पुलिस रिसेप्शन के एंट्री रजिस्टर में तीनों कमरों में रह रहे लोगों का नाम पता नोट किए। पुलिस गेस्ट से बाहर निकली तो रिसेप्शन से भाग कर्मचारी खड़ा मिला। इस पर पुलिस ने उसे पकड़कर उसे गेस्ट हाउस के बारे में पूछताछ की और गेस्ट हाउस मालिक का पता और नंबर लेकर थाने आ गई। कस्बा इंचार्ज उज्ज्वल राणा ने बताया कि छापे के दौरान गेस्ट हाउस में कोई नाबालिग नहीं मिला। वहीं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह ने बताया कि कोई भी किसी के साथ कहीं भी रहने को स्वतंत्र है। फिर भी निजी गेस्ट हाउस की वैधता और उसमें चल रही गतिविधियों की पुलिस जांच कर रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी।