बीस साल पहले रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ की कहानी हूबहू तो नहीं लेकिन एक पार्ट पर मुरादाबाद में दोहराई जा रही है। फिल्म में अपनी पत्नी ऐश्वर्या को उसके प्रेमी सलमान से मिलाने के लिए अजय देवगन ने जो जतन किए उन्हें मुरादाबाद का एक दरोगा हूबहू दोहरा रहा है। फर्क सिर्फ इतना है कि वो कहानी रूपहले पर्दे पर थी और यह हकीकत में दोहराई जा रही है।
पत्नी के प्रेम संबंधों की जानकारी होने पर सीआईएसएफ के एक दरोगा ने उसे प्रेमी से मिलाने की ठान ली है। यहां तक कि प्रेमी के पीछे हट जाने पर वह उसे मनाने में जुटा है। यह प्रेम कहानी मुरादाबाद के एक गांव की है। गांव में रहने वाला युवक सीआईएसएफ में एएसआई के पद पर तैनात है। छह माह पहले एएसआई की शादी रामपुर जनपद के गांव में रहने वाली युवती से हुई थी। शादी के कुछ दिन तो सब ठीक ठाक चलता रहा। इसके बाद युवती ने अपने पति को सच्चाई बता दी।
उसने बताया कि शादी से पहले उसके एक युवक से प्रेम संबंध थे। जो उसने शादी के बाद भी जारी रखे हैं। दरोगा ने पत्नी को डांट डपटने के बजाए उसे प्रेमी से शादी करने की सलाह दी। उसने पत्नी के प्रेमी से भी बात की और उससे शादी करने को कहा। लेकिन प्रेमी ने शादी करने से इंकार कर दिया।
पति-पत्नी महिला थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी कहानी बताई। कहानी सुनने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई। युवती ने पुलिस से कहा कि अगर प्रेमी ने उससे शादी नहीं की तो आत्महत्या कर लेगी।
युवती ने प्रेमी और अपने परिजनों पर दर्ज कराया केस
महिला थाने में युवती ने प्रेमी और अपने पिता, भाई और बहनोई के खिलाफ केस दर्ज कराया है। सीओ सिविल लाइंस राजेश कुमार ने बताया कि युवती ने पिता, भाई और बहनोई पर डरा धमकाकर जबरन दूसरे युवक से शादी कराने का आरोप लगाया है। जबकि प्रेमी पर आरोप लगाया कि उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। उसके कहने पर ही उसने अपने पति को सच बताया और अब वह पीछे हट गया है।
फेसबुक से हुई दोस्ती
युवती ने पुलिस को बताया कि वह जब एमटेक की छात्रा थी तब फेसबुक के जरिए सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाले पुलिस कर्मी के बेटे से उसकी दोस्ती हुई थी। वह प्रेमी से ही शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार के लोगों ने उसकी शादी दूसरे युवक से करा दी है। वह प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है।