जीआरपी लाइन में शुक्रवार की शाम को शराब पीकर दो सिपाही भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। लोगों की सूचना पर यूपी डायल 100 की गाड़ी पहुंच गई। पुलिस वालों ने एक सिपाही को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। बाद में जीआरपी पुलिस भी पहुंच गई।
शराब के नशे में धुत दिखाई दे रहे सिपाही का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेरठ निवासी गौरव गौतम मुरादाबाद जीआरपी में तैनात है। शुक्र वार को सिपाही गौरव और उसका साथी सिपाही योगेंद्र जीआरपी लाइन की बैरक में शराब पी रहे थे। शराब पीने के बाद दोनों सिपाहियों में कहासुनी शुरू हो गई और कुछ ही देर में मारपीट होने लगी।
लाइन में हंगामे होने की सूचना पर यूपी डायल 100 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। पुलिस वालों ने गौरव को पकड़ लिया जबकि योगेंद्र मौके से भाग गया। यूपी डायल 100 की गाड़ी पर तैनात पुलिस वालों ने गौरव को जीआरपी के हवाले कर दिया।
जीआरपी ने सिपाही का मेडिकल कराया है। सिपाही ने मेडिकल कराने के बाद जिला अस्पताल में दरोगा रामवीर सिंह से भी अभद्रता की। एसपी रेल शगुन गौतम ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।