मुरादाबाद। भारत-पाक के बीच चल रहे तनाव को लेकर पुलिस अलर्ट है। पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ सड़कों पर गश्त कर लोगों को सुरक्षा का अहसास दिला रहे हैं। खुफिया एजेसियां संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त रहने वाले लोगों की तलाश में जुटी हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर पुलिस विशेष निगरानी कर रही है। इसके लिए अलग से टीमों का गठन किया गया है। यह टीमें लोगों की पोस्ट पर नजर बनाए हैं। टीमें 500 से ज्यादा संदिग्ध आईडी चिह्नित गई हैं। जिन पर लगातार निगरानी की जा रही है।
भारत-पाक के बीच सीजफायर पर सहमति बनने पर पुलिस ने भी राहत की सांस ली है, लेकिन ऐसे में पुलिस के लिए सोशल मीडिया पर भ्रामक, झूठी और असत्य खबरों ने चिंता बढ़ा दी है। जिसे लेकर अफसरों ने पुलिस की सोशल मीडिया को एक्टिव करने के साथ ही कई एक्सपर्ट पुलिस कर्मी तैनात कर दिए है। टीमें व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक, एक्स, टेलीग्राम समेत अन्य सोशल साइटों पर निगरानी कर रही हैं। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि सोशल कि लोगों से अपील की जा रही है कि वह किसी भ्रामक या झूठी खबर को पोस्ट शेयर न करें। सोशल मीडिया पर चल रही सूचना और खबरों को पोस्ट करने से पहले उसकी तारीख, लोकेशन और सत्यता चेक लें।
पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
- सरकारी व ऑफिशियल वेबसाइट से प्रसारित खबर पर ही विश्वास करें
- खबर की तारीख, स्थान को जरूर चेक करें
- किसी भी खबर को शेयर करने से पहले चेक कर लें की खबर में कितनी सत्यता है
- कोई भी झूठी, भ्रामक, संदिग्ध खबर मिलने पर उसकी तुरंत रिपोर्ट करें।
पुलिस अफसरों ने फोर्स संग किया फ्लैग मार्च
मुरादाबाद। पुलिस अफसरों ने शनिवार शाम पीएसी जवानों के साथ शहर में फ्लैग मार्च किया। सीओ कोतवाली सुनीता दहिया ने कोतवाली और मुगलपुरा पुलिस को लेकर शहर में पैदल मार्च किया। सीओ कोतवाली कुलदीप गुप्ता ने सिविल लाइंस और मझोला क्षेत्र में फोर्स के साथ पैदल मार्च किया।