पुलिस भर्ती में एक बड़ा ‘खेल’ पकड़ा गया। पीएसी ग्राउंड में दो युवक रनर बनकर दौड़ रहे थे। अपने एक साथी को अंतिम दो चक्कर पूरा कराने के लिए उसके हाथ पकड़े और दौड़ाने लगे। शिकायत होने के बाद जब वीडियो रिकार्डिंग देखी गई तो खुलासा हुआ। तीनों को पुलिस भर्ती के लिए अयोग्य ठहरा दिया गया है।
पीएसी तेइस बटालियन के ग्राउंड में कांस्टेबिल भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा कराई जा रही है। सोमवार को 1200 अभ्यर्थी बुलाए गए थे जिनमें से 967 पहुंचे थे। 27 मिनट में 4.8 किलोमीटर की दौड़ पूरी कराई जानी थी। सुबह को सात बजे से प्रक्रिया शुरू कराई जानी थी। पुलिस भर्ती के लिए आए अभ्यर्थियों को मैदान के 12 चक्कर लगाने थे।
मैदान पर उस वक्त हल्ला मचा जब एक अभ्यर्थी पर रनर दौड़ाने का आरोप लगाया गया। एसीएम दो रामप्रकाश ने बताया कि दौड़ की वीडियो रिकार्डिंग कराई जा रही है। शिकायत आने के बाद वीडियो देखा गया तो पता चला कि एक युवक को उसके दो साथी हाथ पकड़कर दौड़ा रहे थे। उस वक्त अंतिम दो चक्कर रह रहे थे।
बताया जाता है कि यह तीनों युवक दोस्त थे और एक साथ भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए थे। जांच के बाद भर्ती कमेटी ने इन तीनों युवकों को पुलिस परीक्षा के लिए अयोग्य ठहरा दिया है। अब यह इस परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। वहीं इस प्रकार के मामले सामने आने के बाद निगहबानी बढ़ा दी गई है।