फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईजी को ट्वीट के बाद पुलिस ने पहुंचाई दवा

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। रामपुर के गंज थाना क्षेत्र में नाला पार मोहल्ले में रहने वाले नादिर की तीन साल की बेटी माहिरा को ब्रेन ट्यूमर है। उसका इलाज बरेली से चल रहा है। लॉक डाउन की वजह से उसकी दवा नहीं आ पा रही थी। नादिर ने दर्द से तड़पती अपनी बच्ची का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला तो किसी व्यक्ति ने उसे आईजी को ट्वीट कर दिया। आईजी के निर्देश पर पुलिस ने बरेली से बच्ची की दवाई लाकर रामपुर में उसके घर तक पहुंचाई। बेटी की दवा मिलने के बाद नादिर भावुक हो गए। विपरीत हालात में भी पूरी संवेदनशीलता बनाए रखने के लिए उन्होंने आला अफसरों को शुक्रिया बोला।
विज्ञापन

रामपुर के गंज थाना क्षेत्र में मोहल्ला नालापार निवासी नादिर बताते हैं कि उनका साड़ियों पर हैंड वर्क का काम है। उनकी बेटी को ब्रेन ट्यूमर है। जिसका इलाज बरेली में एकता नगर स्थित होम्योपैथिक सेंटर से चल रहा है। घर में रखी दवाएं खत्म हो गई और लॉकडाउन की वजह से वह बच्ची की दवा लेने नहीं जा पा रहे थे। दवा खत्म होने के बाद बिटिया की तबीयत बिगड़ने लगी तो मदद मांगने के लिए नादिर ने अपनी बच्ची का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। कपिल नाम के व्यक्ति ने यह वीडियो आईजी रमित शर्मा को ट्वीट करते हुए उनसे मदद मांगी। ट्वीट देखने के बाद आईजी ने अपने स्टाफ को बच्ची के परिजनों से संपर्क करने के निर्देश दिए। बरेली में जिस अस्पताल से बच्ची का इलाज चल रहा है उस चिकित्सक का नंबर लेकर आईजी ने उनसे बात की। इसके बाद डॉक्टर ने बच्ची के परिजनों से बातचीत कर उसका हाल जाना और दवा पैक करके रख दी। आईजी के निर्देश पर रामपुर पुलिस बरेली से बच्ची की दवा लेकर आई और नाला पार में नादिर के घर पहुंचा दी। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस वाले माहिरा की दवा लेकर पहुंचे तो नादिर उन्हें देखकर भावुक हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें