मुरादाबाद। अलीगढ़ के हारिस हत्याकांड में फरार चल रहे चक्कर की मिलक निवासी सादिक के घर पुलिस ने फरारी का नोटिस चस्पा किया और ढोल बजवाकर मुनादी कराई।अलीगढ़ जिले के रोरावर थानाक्षेत्र के मरघट रोड गली नंबर-9 शाहजमाल निवासी मो. राशिद ने 14 मार्च 2025 को रोरावर थाने में मुरादाबाद के सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के चक्कर की मिलक निवासी सादिक अली के अलावा जैद उर्फ कंजा, महताब, बाबर कुरैशी, शान उर्फ कल्लू, मौनी और चार अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था जिसमें मो. राशिद ने बताया कि आरोपियों ने उसके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस मामले में सादिक अली फरार चल रहा है। कोर्ट ने उसकी गिरफ्तारी के वारंट जारी किए गए हैं लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आया है। अब पुलिस ने आरोपी की संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को अलीगढ़ जिले के रोरावर थाने के एसआई कपिल पाल अपनी टीम के साथ मुरादाबाद पहुंचे। उन्होंने सिविल लाइंस थाने की पुलिस को साथ लेकर चक्कर की मिलक पहुंचे। यहां पुलिस ने आरोपी के घर फरारी का नोटिस चस्पा की और ढोल बजवाकर मुनादी कराई। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि अलीगढ़ पुलिस आई थी और मुनादी की कार्रवाई करने के बाद वापस चली गई है।