थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि गुरुवार 11 मई की सुबह गांव अकरौली में तालाब के पास 17 वर्षीय किशोरी रानी का शव पेड़ से लटका मिला था। पिता ने हत्या की आशंका जताई थी। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में लग गई थी। इस मामले में किशोरी के पिता, भाई, भाभी से अलग-अलग बात की थी। भाभी ने पुलिस को बताया कि रानी की हत्या उसके पिता व भाई ने की है।
इसके बाद आरोपी पिता परमानंद, भाई भुवनेश को बुधवार को नसीरपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर छुरीनुमा चाकू भी बरामद किया है। पूछताछ के दौरान पिता परमानंद ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी रानी एक ई-रिक्शा वाले से बात करती थी। काफी समय पहले एक सिम भी रानी के पास से बरामद किया था। रानी बकरी चराने जाती थी, तो वहां रिक्शे वाले से बात करती थी। कई दिन पहले से बकरी चराने जाने से रोक दिया था।
इसके बाद भी रानी ने उससे बात करना बंद नहीं किया था। बताया कि दस मई की रात उसकी बेटी व पुत्रवधू मंदिर की छत पर सो रहे थे। मैंने व छोटे बेटे भुवनेश ने मिलकर सोते हुए बेटी का गला चाकू से काट दिया। ब्लेड से रानी की दोनों कलाई की नस काट दी। रानी चिल्लाई तो पास में सो रही उसकी भाभी जाग गई थी। हमने उसे डरा धमका कर चुप कर दिया था।
इसके बाद व चुपचाप बैठे देखती रही। इसके बाद मैंने बेटे के साथ मिलकर रानी का शव छत से उतारकर पास में ही पिलखन के पेड़ से फंदे पर लटका दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। टीम में प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार, अपराध निरीक्षक सुभाष यादव, एसआई सतीश मोरल, कांस्टेबल गौरव, सागर मलिक आदि रहे।
पिता पर पहले से दर्ज है एक मुकदमा
मृतक रानी के हत्यारोपी पिता परमानंद पर थाना बनियाठेर में एक मुकदमा दर्ज है। उस पर लापरवाही पूर्व ड्राइविंग कर दुर्घटना का मामला दर्ज है।