संभल जिले के हयातनगर निवासी ज्योति (19) पुत्री रविंद्र सिंह राजकीय पालीटेक्निक कॉलेज में मैकेनिकल द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। शनिवार की रात दस बजे उसका शव दूसरी मंजिल पर एक खाली कमरे में मिला। उसका शव पंखे से लटका था। पुलिस ने छात्रा की मां मिथिलेश की तहरीर के आधार पर पाॅलीटेक्निक काॅलेज के अध्यापक आरिफ और छात्र प्रवीण के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। आरोप था कि अध्यापक और छात्र ने प्रताड़ित करने के बाद छात्रा को मारकर लटका दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुलिस को पता चला कि छात्रा ने आत्महत्या की है। उसे मारकर लटकाया नहीं गया है।
इस मामले में एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि छात्रा की लाइनपार निवासी पीयूष गोले से दोस्ती थी। दोनों एक ही क्लास में मैकेनिकल द्वितीय वर्ष में पढ़ते थे। पीयूष ने बताया कि वह ज्योति को काफी पसंद करता था। उससे शादी करना चाहता था, लेकिन छात्रा के माता पिता कहीं और उसकी शादी करना चाहते थे। घटना से पहले दिन छात्रा के अभिभावक उससे शादी की बात करने के लिए आए थे। इस मामले की जानकारी मिलने पर पीयूष गुस्सा गया। उसने कई बार ज्योति के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन ज्योति परिवार वालों का हवाला देते हुए शादी की बात से इनकार कर देती थी। विवाद से छात्रा काफी क्षुब्ध हो गई थी।
13 मई को दोनों की दोस्ती को एक वर्ष पूरे हुए थे
ज्योति और पीयूष की दोस्ती को 13 मई को एक वर्ष पूरे हुए थे। इस कारण दोनों के लिए शनिवार का दिन अहम था। विवाद होने पर पीयूष ज्योति को कसम दिलाता रहा कि वह कोई गलत कदम नहीं उठाएगी, लेकिन छात्रा ने प्रेमी को वीडियो कॉल किया। रिकार्डिंग में प्रेमी बोल रहा है कि यदि शादी करना हो तो बताओ, मेरे घरवाले कहीं और शादी करना चाहते थे। यह बात छात्रा ने अपने दिल पर ले ली। इसके बाद उसने लाइव खुदकुशी कर ली। मौत से पहले छात्रा ने कहा था कि पीयूष मैं जा रही हूं। अपना ख्याल रखना।
इसके बाद खट की आवाज हुई और मोबाइल छात्रा के हाथ से छूटकर फर्श पर गिर पड़ा। पुलिस ने वीडियो कॉल और दोनों की चैटिंग का हिस्सा अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी का भी मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया है। इसके पहले भी छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। पानी पीने के बाद दोबारा छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी।
एसपी सिटी और और सीओ अर्पित कपूर ने बताया पीयूष को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धारा 306 के तहत गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अभी अध्यापक को हत्या के आरोप से बरी नहीं किया गया है, लेकिन अध्यापक आरिफ और छात्र प्रवीण के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं।
छात्रा गुस्सैल किस्म की थी
पुलिस की पूछताछ के दौरान अन्य छात्राओं ने बताया कि ज्योति गुस्सैल स्वभाव की थी। इसके पहले भी उसने हाथ की नस काट ली थी और जान देने का प्रयास किया था लेकिन वह सफलता नहीं मिल सकी।
आरोपी छात्र को संस्था से किया निलंबित
राजकीय पॉलीटेक्निक में छात्रा के आत्महत्या के मामले में आरोपी छात्र पियूष को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रधानाचार्य तजम्मुल अफजाल ने बताया कि आरोपी का नाम सामने आने पर उसे 15 मई को ही निलंबित कर दिया था। हालांकि संस्था ने इस निर्णय को तीन दिन तक छुपाए रखा।