एक व्यक्ति ने एक वीडियो ट्वीट किया था। जिसमें मुरादाबाद पुलिस के अधिकारियों को भी टैग किया गया था। सोशल मीडिया पर 12 सेकंड का स्टंटबाजी का वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में लाल रंग की थार के बोनट पर बैठा युवक हाथ में टॉय गन लिए हुए है। वीडियो के बैक ग्राउंड में एक हरियाणी गाना बज रहा है। जिसके बोल हैं 'मैं जिस दिन जमानत पर बाहर आऊंगा, मेरी पिस्टल से महंगा तेरा लहंगा लाऊंगा...'।
पुलिस ने वीडियो की जांच पड़ताल की। जिससे पता चला कि वीडियो सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार में ग्लोबल स्कूल के पास बनाया गया था। सीओ सिविल लाइंस अनूप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के जरिए थार को ट्रेस किया गया। इसके बाद मुगलपुरा के जामा मस्जिद चौराहा निवासी शाहनवाज पुत्र शाकिर अली को गिरफ्तार कर लिया। शाहनवाज ही गाड़ी की बोनट पर बैठा नजर आ रहा है। उस समय गाड़ी को आकिल चला रहा था।
वायरल वीडियो में दिख रही थार को भी बरामद कर लिया गया है। एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए थार गाड़ी को सीज कर दिया गया है। पुलिस ने 25 हजार रुपये का गाड़ी का चालान भी किया है। स्टंटबाजी करने वाले युवक के पिता कागज का व्यापार करते हैं।