आंधी से गिरे खंभे, कई मोहल्लों में बिजली गुल
- बृहस्पतिवार शाम 7 बजे करीब आई आंधी, पेड़ों की टहनियों से हुए फाल्ट
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। तेज रफ्तार आंधी से बृहस्पतिवार शाम को कई मोहल्लों में बिजली गुल कर दी। रामपुर रोड पर दो खंभे गिर गए तो कहीं पेड़ों की टहनियां टूटने फाल्ट हुए। दिल्ली रोड व पीतलबस्ती बिजलीघर से कुछ जुड़े इलाकों में रात 10 बजे तक बिजली नहीं आई
जबकि बाकी स्थानों पर रात आठ बजे तक फाल्ट ठीक कर लिए गए। रामपुर रोड पर कबीर नगर, गुलाबबाड़ी क्षेत्र में काफी देर तक ट्रिंपिंग होती रही। कबीर नगर कॉलोनी की सप्लाई दलपतपुर बिजलीघर से होने के कारण फाल्ट ढूंढने में काफी देर लगी। दिल्ली रोड पर पेड़ों की टहनियां गिरने से इंडस्ट्रियल फीडर तीन घंटे से ज्यादा बाधित रहा। बंगला गांव, दौलत बाग क्षेत्र में भी देर रात तक ट्रिंपिंग जारी रही। शहर के अधीक्षण अभियंता विद्युत संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि रामपुर रोड पर खंभे गिरने के कारण सप्लाई सुचारू होने में देर लगी। इसके अलावा कहीं बड़ा फाल्ट नहीं हुआ। देर रात टीम पेट्रोलिंग करती रही।