मुरादाबाद। अगस्त 2020 से बंद मुरादाबाद रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म ओवरब्रिज आखिरकार शुरू हो गया। मंगलवार को मेयर विनोद अग्रवाल, सांसद डॉ. एसटी हसन, नगर विधायक रितेश गुप्ता, शिक्षक विधायक जयपाल सिंह व्यस्त ने नए पुल का उद्घाटन किया। पुराने पुल की मियाद पूरी होने कारण उसे बंद किया गया था। नए पुल के निर्माण में रेलवे ने दो साल तीन महीने लगा दिए।
पुल के उद्घाटन के बाद जनप्रतिनिधियों ने रेलवे स्टेशन का जायजा लिया। वहां एक स्टेशन एक उत्पाद के तहत लगाए गए स्टॉल को देखा। वहां रखे पीतल के उत्पादों के विषय में स्टॉल संचालक से जानकारी ली। डीआरएम अजय नंदन ने जनप्रतिनिधियों को यात्री सुविधा के लिए स्टेशन पर किए गए कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर एडीआरएम इंफ्रा एनएन सिंह, सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह, सीनियर डीएमई कैरिज एंड वैगन समर्थ सिंह, सीनियर डीओएम सुधीर कुमार, सीनियर डीईएन सी पारितोष गौतम आदि अधिकारी मौजूद रहे।