अवैध बताकर सील किए गए अस्पताल को खोलकर चिकित्सक ने रजपुरा क्षेत्र के गांव पवारी निवासी राहुल की पत्नी ज्योति का प्रसव करा दिया। प्रसव प्रक्रिया में लापरवाही से नवजात की मौत हो गई। इसके बाद चिकित्सक और कर्मचारी भाग गए।
राहुल ने बताया कि ज्योति को मंगलवार सुबह आठ बजे रजपुरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। दोपहर तीन बजे करीब अस्पताल में प्रसव कराया गया। भर्ती होने से लेकर प्रसव पूरा होने तक उसे 40 इंजेक्शन लगाए गए। जन्म लेते ही बच्चे की हालत बिगड़ने लगी और कुछ देर में उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि परिवार ने कोई तहरीर नहीं दी है। पता चला है कि आरोपी द्वारा पीड़ित के साथ सुलह-समझौते की कोशिश की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी ने बताया कि अवैध रूप से संचालन के आरोप में इस अस्पताल को पहले 31 जनवरी और फिर तीन नवंबर को सील किया गया था। रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पहले भी मनमानी करके सील खोल ली थी। अब फिर सील खोलकर प्रसव कराने व नवजात की मौत होने की जानकारी मिली है। शिकायत के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।