ठाकुरद्वारा। ठाकुरद्वारा के गांव माधोबाला निवासी बुजुर्ग महिला फूलवती और उत्तराखंड के गांव मुरलीवाला निवासी ओमवती के हत्याकांड का बृहस्पतिवार को भी खुलासा नहीं हुआ हो सका। पुलिस बृहस्पतिवार को त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में व्यस्त रही। दोनों प्रदेशों की पुलिस बुजुर्ग महिलाओं की हत्या की घटना को एक जैसा मान रही है। दोनों प्रदेशों के पुलिस ने हत्यारों तक पहुंचने के लिए संयुक्त अभियान चला रखा है। हत्यारों तक पहुंचने के मिले कुछ तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे बढ़ रही है लेकिन सफलता नहीं मिल रही है। माधोबाला की फूलवती की हत्या 23 सितंबर को हुई थी और उसका शव शनिवार को कमालपरी खालसा के पास नहर की पटरी के पास पड़ा हुआ मिला था। जबकि ओमवती की हत्या 10 सितंबर को हुई थी। दोनों की हत्या का स्टाइल एक जैसा है। पुलिस कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। इस मामले में पुलिस सीसीटीवी कैमरे, घटनास्थल के आसपास मिली लोगों की मौजूदगी, सीडीआर के जरिए हत्याकांड का खुलासा करने में लगी हुई है। सीओ आशीष प्रताप सिंह ने कहा कि बृहस्पतिवार को पुलिस विभिन्न स्थानों पर दशहरा मेला की सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त रही। हत्यारों तक पहुंचने का अभियान शुक्रवार से फिर शुरू होगा।