मुरादाबाद। नामी कंपनियों की पैकिंग में नकली दवाइयां बेचने वाले आरोपी वासिफ को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर इस गिरोह में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस की अब तक की जांच में गिरोह में 20 से ज्यादा लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस टीम टीमें आरोपियों की तलाश में अलग-अलग जगह दबिश दे रही हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निरीक्षक उमेश कुमार भारती ने सिविल लाइंस थाने में रविवार को नवीन नगर निवासी अमित कुमार, अमरोहा निवासी आसिफ और वासिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने बताया कि नामी कंपनियों की पैकिंग में नकली दवाइयां बेच रहे थे। उन्होंने बताया कि अमरोहा की औषधि निरीक्षक रुचि बंसल ने चौधरपुर मनौटा रोड स्थित इस्माइल मार्केट के आरबी मेडिकल स्टोर से दवाइयों के नमूने लिए थे। जांच में यह नमूने नकली पाए गए। इसके बाद तीन अगस्त 2026 को औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर के प्रोपराइटर मोहम्मद आमिर से पूछताछ की थी। आमिर ने बताया कि उसने 11 जून 2026 को पाकबड़ा स्थित जेडआर मेडिकल स्टोर से बिल के आधार पर ये दवाइयां खरीदी थीं। जेडआर मेडिकल स्टोर संचालक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि दवाइयां पीएसी रोड स्थित पूनम विहार की अरीब फार्मास्युटिकल फर्म से खरीदी थीं। इस फर्म में नवीन नगर निवासी अमित कुमार पार्टनर है। इसके बाद औषधि विभाग की टीम ने अमित कुमार से पूछताछ की। उसने बताया कि दवाइयां उसने अमरोहा के धनौरा रोड स्थित हादीपुर की अरीब फार्मास्युटिकल फर्म से 27 अगस्त 2025 को खरीदी थीं। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने आरोपी वासिफ को पकड़ लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। इस गिरोह में शामिल आसिफ, अमित और अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
-
चंडीगढ़, बद्दी तक खंगाला जा रहा गिरोह का नेटवर्क
मुरादाबाद। औषधि विभाग की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद सिविल लाइंस थाने की पुलिस भी अलर्ट हो गई है। इस गिरोह का नेटवर्क चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश के बद्दी और सोलन तथा उत्तराखंड के काशीपुर तक फैला है। पुलिस टीम पूरे गिरोह का नेटवर्क खंगालने में जुट गई है।
2025 में तैयार की नकली दवाइयां बेच डाली मुरादाबाद। हैरानी की बात यह है कि पुलिस और औषधि विभाग की टीम की जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने 2025 में दूसरे प्रदेशों से जो दवाइयां बनवाई थी वो मेडिकल स्टोर और एजेंसी के जरिये बेच दी गई है। लोग इन दवाइयों को असली समझकर इस्तेमाल भी कर चुके होंगे।