बिलारी। स्थानीय पुलिस द्वारा दो दर्जन लोगों को जारी किए गए चेतावनी कार्ड को लेकर अनेक नागरिकों ने थाने पहुंचकर नाराजगी जताई। एसडीएम ने चेतावनी कार्ड को पुलिस मित्र कार्ड होना बताकर मामले को निबटा दिया और नागरिकों से सौहार्द के माहौल में होली का त्योहार मनाने का आह्वान किया।
होली के त्योहार के मौके पर बिलारी नगर में रंग का जुलूस निकलने के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस एहतियात के तौर पर ऐसे कुछ लोगों को चिन्हित करती है जिनसे शांतिभंग करने की संभावना रहती है। पुलिस ने दो दर्जन नागरिकों को इस निर्देश के साथ चेतावनी कार्ड जारी कर दिए कि यदि होली के जुलूस के दौरान उनके द्वारा शांति व्यवस्था प्रभावित न की जाए।
शनिवार दोपहर नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेता विश्वास यादव, भाजपा के बिलारी मंडल अध्यक्ष विकास गुप्ता एडवोकेट, पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष केके गुप्ता, पारस शर्मा एडवोकेट, सिद्धार्थ शेखर, समीर जैन, छविराज चावला आदि के साथ अनेक नागरिक थाने पहुंच गए। इनमें वह कई लोग भी शामिल थे जिन्हें चेतावनी पत्र जारी किए गए थे।
नागरिकों ने जब पुलिस के इस तरीके पर आपत्ति जताई तब एसडीएम विनय कुमार सिंह ने नागरिकों को समझाते हुए कहा कि कार्ड को समझने में लोगों को गलतफहमी हो गई। यह चेतावनी कार्ड न होकर पुलिस मित्र कार्ड हैं। ऐसे सभी पुलिस मित्र होली पर रंग के जुलूस में जुलूस कमेटी और पुलिस प्रशासन को पूरी मदद करेंगे। एसडीएम ने पालिकाध्यक्ष और भाजपा नेताओं समेत कई संगठनों के प्रतिनिधियों और नागरिकों से आह्वान किया कि होली का त्योहार सभी मिलजुल कर आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। बिलारी थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने कहा कि वह सभी नागरिकों का सम्मान करते हैं। होली समेत सभी त्योहारों पर पुलिस प्रशासन की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए नागरिकों का सहयोग मिलना जरूरी है।