ठाकुरद्वारा। नगर पालिका की ओर से हाउस टैक्स में की गई भारी वृद्धि के खिलाफ बृहस्पतिवार को लोगों ने सड़क पर उतर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।
कॉमरेड करन सिंह ने हाउस टैक्स में की गई वृद्धि के खिलाफ नगर के लोगों को जागरूक किया। विभिन्न संगठनों से संपर्क कर इसके विरोध में आगे आने का आह्वान किया। इस पर सुबह करीब 11 बजे विभिन्न वार्डों से लोग और संगठनों के पदाधिकारी एसडीएम दफ्तर पर पहुंचे। उन्होंने हाउस टैक्स में की गई वृद्धि के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
लोगों ने हाउस टैक्स कम करने की मांग को लेकर एसडीएम प्रीति सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजने का अनुरोध किया। संयोजक करन सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि पहले की तरह की वृद्धि करना उचित रहेगा।
वहीं उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल के संरक्षक शिवेंद्र गुप्ता और नगर अध्यक्ष लईक आजाद नेतृत्व में भी एसडीएम को ज्ञापन दिया गया। जिसमें हाउस टैक्स के अलावा जल निगम के द्वारा खोदी गई नगर की सड़कों को ठीक कराने, स्मार्ट मीटर न लगाने, बृहस्पतिवार की साप्ताहिक अवकाश को लागू कराने, वाट माप विभाग की दुकानदारों से मनमानी वसूली बंद करने, व्यापारियों की समस्या को सुनने के लिए सभी विभागों अधिकारियों की दो या तीन महीने में व्यापारियों के साथ बैठक कराने की मांग की गई है।