बिलारी। शनिवार दोपहर नगर में एक कार्यक्रम से लौट रहे सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान, नगरपालिका अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव, सभासद राकेश यादव और हप्पू राजा अंसारी को वार्ड संख्या 14 के चौड़े नाले वाले इलाके में मोहल्ले की महिलाओं और पुरुषों ने रोक लिया। उन्होंने मांग उठाई कि उनके मोहल्ले की गलियों में अभी तक नाली और सड़कें नहीं बन पाई हैं। मोहल्ले के चौड़े और गहरा नाले ढके नहीं हैं। जिसकी वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं। इस नाले की तलीझाड़ सफाई कराकर ढका जाना जरूरी है।
मोहल्ला ठाकुरान के युवाओं ने सपा विधायक हाजी फहीम इरफान से नगर में खेल स्टेडियम बनवाने और नगरपालिका परिषद अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव से पैंठ बाजार जूनियर हाईस्कूल से सरकारी अस्पताल तक जाने वाली उखड़ी सड़क शीघ्र बनवाने की मांग उठाई। नागरिकों ने मोहल्ला ठाकुरान के इमामबाड़ा चौक से पुराना शादी घर होते हुए सरकारी अस्पताल से खेल मैदान को आ रही सड़क पर किए गए अतिक्रमण हटवाने की मांग भी जनप्रतिनिधियों से उठाई। इस संबंध में सपा विधायक ने बताया कि जनसमस्याओं के समाधान को वह संबंधित अधिकारियों से वार्ता करेंगें। नगरपालिका अध्यक्ष ने बताया कि सरकारी अस्पताल को जाने वाली टूटी सड़क नए सिरे से बनाए जाने को प्रदेश शासन से मंजूरी मिल गई है।
फोटो परिचय-04,05