पीलतनगरी महोत्सव का रंगारंग आगाज गुरुवार को हुआ। उद्घाटन के दौरान अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर महानगर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। पीतलनगरी महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल ने दीप प्रज्ज्वलन करके किया। शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाए और गुब्बारे भी छोड़े गए।
मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि ने प्रो. रामगोपाल वर्मा ने कहा कि पीतलनगरी महोत्सव का आयोजन करना एक अच्छी पहल है। मुरादाबाद का पीतल दस्तकारी में उत्तर प्रदेश ही नहीं विश्वभर में विशेष पहचान है। भारत के कुल हस्तशिल्प निर्यात में 40 फीसदी मुरादाबाद का हिस्सा है। अभी महोत्सव पांच दिन का हो रहा है आगे चलकर इसे 15 दिन तक चलाया जाए।
उन्होंने कहा कि मुरादाबाद में निर्यात के क्षेत्र के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी नाम कमाया है। कार्यक्रम की शुरुआत में केसीएम स्कूल की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की तो एडम ईव्ज स्कूल की छात्राओं ने नातिया पाक पेश किया। इसके साथ ही मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कालेज की छात्राओं ने भी शांति गीत पर मनमोहक प्रस्तुत दी। केसीएम विद्यालय की छात्राओं ने भांगड़ा, स्वागत गान और फिल्म बाजीराव मस्तानी के गीत पर शानदार लावणी नृत्य कर सभी को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से टीएमयू कुलाधिपति सुरेश जैन, समाज सेवी व शिक्षाविद अरविंद गोयल, नगर विधायक हाजी यूसुफ अंसारी, डीसीबी चेयरमैन राजेश यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष शलिता सिंह सहित, आईजी विजय सिंह मीणा, आईजी पीएसी सुनील गुप्ता, जिलाधिकारी जुहेर बिन सगीर, एसएसपी नितिन तिवारी, सीडीओ आंद्रा वामसी सहित सतपाल, नजमुल इस्लाम, नीरज खन्ना, हेमंत जुनेजा, अब्दुल अजीम, मो अब्बास, सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। संचालन अनुपमा शांडिल्य और डा. प्रदीप शर्मा ने किया।