मुरादाबाद। परिवहन निगम ने 27 अक्तूबर को परिक्षेत्र में चलने वाली करीब 200 अनुबंधित बसों का 15 दिन का पेमेंट डिमांड पंजाब नेशनल बैंक सिविल लाइंस भेजा। इसके बावजूद अनुबंधित बस मालिकों के खाते में समय से पेमेंट नहीं किया गया। इसके कारण मुरादाबाद परिक्षेत्र के फाइनेंस विभाग ने बुधवार को बैंक बदलने के लिए परिवहन निगम मुख्यालय को पत्र लिखा। हालांकि 29 अक्तूबर शाम छह बजे के बाद अनुबंधित बस मालिकों के खाते में पेमेंट आई।मुरादाबाद परिक्षेत्र के करीब 200 अनुबंधित बसों का लाखों रुपये का पेमेंट तीन दिन तक अटका रहा। इसके कारण बसों का संचालन बंद करने की स्थिति पैदा हो गई थी। अनुबंधित बस ऑपरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के संरक्षक महेंद्र सिंह बग्गा ने बताया कि बसों का पेमेंट समय से नहीं होने कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अनुबंधित बस मालिकों के पास डीजल का भुगतान करने के लिए पैसे नहीं थे। इसके साथ ही बसों की किस्त भी जमा करनी थी। इसके बावजूद समय से पेमेंट नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि पेमेंट को लेकर पंजाब नेशनल बैंक सिविल लाइंस में शिकायत भी की लेकिन पीएनबी के कर्मचारियों की ओर से कोई सुनवाई नहीं की गई।
बुधवार को एआरएम फाइनेंस समेत अन्य कर्मचारियों द्वारा बैंक में फोन किया। शाम छह बजे के बाद अनुबंधित बस मालिकों का पेमेंट किया गया। एआरएम फाइनेंस बीएल मिश्रा का कहना है कि पेमेंट से संबंधित समस्या आने के कारण बैंक बदलने के लिए मुख्यालय को पत्र लिख दिया गया है।
वर्जन
कनेक्टिविटी समस्या की वजह से भुगतान रुका हुआ था। कनेक्टिविटी सही होने पर बुधवार शाम को सभी का पेमेंट किया गया।
-अंजना सिंह, ब्रांच मैनेजर, पीएनबी