पाकबड़ा (मुरादाबाद)। समाथल गांव स्थित न्यू इंडिया अस्पताल के स्टाफ ने बुधवार दोपहर एक मरीज के तीमारदारों को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की। इस घटना में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीमारदारों को बंधकमुक्त कराया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। तीमारदार की ओर से अस्पताल स्टाफ और डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दी है।
पाकबड़ा के मोहल्ला छीपीवाला निवासी ध्रुव रुहेला ने अपनी बेटी रोशनी की शादी बिजनौर जनपद में नजीबाबाद निवासी संदीप के साथ की है। मंगलवार को ध्रुव रुहेला ने प्रसव पीड़ा होने पर बेटी न्यू इंडिया अस्पताल में भर्ती कराई थी। ध्रुव रुहेला का आरोप है कि चिकित्सकों ने सभी रिपोर्ट नॉर्मल होने के बाद भी ऑपरेशन कर दिया। तीमारदारों ने जब चिकित्सक से ऑपरेशन करने का कारण पूछा तो इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस होने लगी। इस दौरान खूब हंगामा हो गया। आरोप है कि चिकित्सकों और स्टॉफ ने परिवार को अस्पताल का गेट बंद कर बंधक बना लिया। उन्हें लाठी डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। इस बीच पहुंची पुलिस ने अस्पताल का गेट खुलवाकर सभी को बाहर निकाला। पुलिस ने घायल संदीप और मीनू को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया। अस्पताल में हुई मारपीट का वीडियो वायरल हो गया है। पुलिस ने मौके से लाठी-डंडे बरामद भी किए हैं। पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में ले लिया है। उसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया की मामले की जांच की जा रही है। मरीज के तीमारदारों के साथ मारपीट की गई है। अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई सूचना व तहरीर नहीं दी गई है। घायलों को मेडिकल और उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवा गया है।