मुरादाबाद। यात्री सुविधाओं वाले परिवहन निगम के अपने संसाधन ठप पड़े हैं। समाज सेवी संस्थाओं के सहारे काम चल रहा है। गर्मियां नजदीक हैं और हालात यह हैं कि मुरादाबाद डिपो बस अड्डे पर पेयजल के लिए यात्री भटक रहे हैं। पानी की एक मशीन खराब है तो दूसरी अपने स्थान से गायब है। स्वयं सेवी संस्थाएं बस अड्डे पर पानी मुहैया करा रही हैं।
परिवहन निगम मुख्यालय से यात्री सुविधाओं के लिए हर माह 10 हजार रुपये आते हैं। इतना ही नहीं यात्रियों से भी टिकट के मूल्य में ही एक से डेढ़ रुपये यात्री सुविधा और बीमा के नाम पर लिया जाता है। जबकि इन सुविधाओं का लाभ यात्रियों को नहीं मिल रहा है। मुरादाबाद डिपो पर पानी की टोटियां और फ्रिज पिछले कई महीनों से खराब है। इसके बावजूद प्रबंधन ने कोई सुध नहीं ली। इसके अलावा भवन में बने अलग अलग कार्यालयों में भी स्टाफ पानी की गुणवत्ता से संतुष्ट नहीं है। कर्मचारियों का कहना है कि कभी कभी बेहद गंदा पानी आता है, जोकि कुछ समय रखने पर पीला हो जाता है और उसमें से दुर्गंध आती है। यह हालात तब हैं जब एआरएम भी उसी परिसर में बैठते हैं। उनके केबिन में साफ पानी पहुंच रहा है शायद इसलिए उन्हें यात्रियों की परेशानी दिखाई नहीं देती। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल जैन का कहना है कि पानी की खराब टोटियों और मशीन को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनकी मरम्मत के लिए इसी सप्ताह कार्य शुरू करा दिया जाएगा, ताकि यात्रियों को गर्मियों में असुविधा न हो।
वहीं, रविवार को स्वयं सेवी संस्था पयाम ए इंसानियत फोरम ने मुरादाबाद बस डिपो पर निशुल्क जलपान सेवा उपलब्ध कराई। संस्था ने यात्रियों को पानी की थैलियां और मास्क वितरित किए। संस्था के अध्यक्ष डॉ अलाउद्दीन सैफी ने बताया कि बस अड्डे पर उन्होंने दो हजार पानी की थैलियां और एक हजार मास्क वितरित किए। इस मौके पर मुसर्रत हफीज, मोहम्मद शमीम, जावेद अनवर, मुफ्ती हशमत, मुफ्ती जुनैद, सलाउद्दीन, मोहम्मद नौशाद आदि मौजूद रहे।