मुरादाबाद। रेलवे स्टेशन पर रविवार रात एक हादसे में बरेली निवासी 60 वर्षीय यात्री की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना रात करीब आठ बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुई।
जीआरपी के अनुसार बरेली के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के ग्राम सोरहा निवासी जमील अहमद अपनी पत्नी के साथ दिल्ली से बरेली जा रहे थे। दोनों ट्रेन संख्या (15304) कासगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे।
ट्रेन के मुरादाबाद स्टेशन पर रुकने के दौरान जमील अहमद पानी लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतर गए। ट्रेन चलने लगी तो वह जल्दबाजी में कोच में चढ़ने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म व रेलवे लाइन के बीच गिर पड़े। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ब्यूरो