मुरादाबाद। पंचायत चुनाव को लेकर जिले के बीएलओ ने करीब 4.45 लाख से अधिक डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया है। इसमें 40 हजार से अधिक मतदाता डुप्लीकेट पाए गए हैं। इन वोटरों के नाम शीघ्र सूची से हटाए जाएंगे।
चुनाव आयोग ने एआई के माध्यम से जांच कर 4.65 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भेजी थी। इसमें मुरादाबाद ब्लॉक के 38825, मूंढापांडे ब्लॉक के 56046, भगतपुर टांडा ब्लॉक के 59099, ठाकुरद्वारा ब्लॉक के 48644, डिलारी ब्लॉक के 61898, बिलारी ब्लॉक के 64261, कुंदरकी ब्लॉक के 78779 और छजलैट ब्लॉक के 58553 मतदाता शामिल हैं।
इस मामले में जिला प्रशासन ने अभियान चलाकर 4.45 लाख से अधिक मतदाताओं का सत्यापन कराया है। अभी लगभग 20 हजार मतदाताओं का सत्यापन करना बाकी है। इस बारे में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संगीता गौतम ने बताया कि अधिकांश डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन कराया गया है।
एक सप्ताह के अंदर सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। बता दें कि पहले 20 फरवरी तक सत्यापन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी लेकिन चुनाव तिथि बढ़ा दी है।
00
पहले भी 71 हजार डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाए गए थे
सबसे पहले चुनाव आयोग ने 2.35 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भेजी थी। जांच के बाद पहले चरण में करीब 71 हजार डुप्लीकेट मतदाता पाए गए। सभी लोगों के नाम सूची से हटाए गए । 2021 की मतदाता सूची की तुलना में 2026 में लगभग 18 हजार मतदाता बढ़ गए हैं।