मुरादाबाद। अमृत महोत्सव के दौरान जिला पुलिस और पीएसी की तरफ से शुक्रवार को पांच किमी की एक हाफ मैराथन दौड़ आयोजित की गई। दौड़ में 24 वीं वाहिनी पीएसी के जवान शीशपाल ने प्रथम स्थान और 9 वीं वाहिनी पीएसी के जवान राजेंद्र कुमार दूसरे स्थान पर रहे। विजेताओं को डीआईजी ने पुरस्कृत किया।
एसएसपी हेमंत कुटियाल ने पुलिस लाइन में शुक्रवार की सुबह हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथ मैराथन में सिविल पुलिस के साथ ही पीएसी की तीनों वाहनियों और जीआरपी के जवानों ने भाग लिया। पुलिस लाइन से शुरू हुई हाथ मैराथन पीली कोठी चौराहा से कांठ रोड पीएसी तिराहा होते हुए नलकूप कॉलोनी, कमिश्नर आवास, डिफेंस चौराहा, सिविल लाइंस थाना होते हुए पुलिस लाइन पहुंच कर समाप्त हुई। दौड़ में शामिल प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए एसएसपी हेमंत कुटियाल, एसपी देहात विद्या सागर मिश्र, एएसपी सागर जैन समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी दौड़ लगाई। हाफ मैराथन दौड़ में 24वीं वाहिनी पीएसी के शीशपाल ने प्रथम, 9वीं वाहिनी के राजेंद्र कुमार को दूसरा और तेजवीर सिंह ने तीसरा, राजेश प्रताप ने चौथा और संजीव कुमार को पांचवां स्थान हासिल किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि डीआईजी शलभ माथुर ने विजेता जवानों को प्रमाणपत्र और स्मृति चिंह्न देकर पुरस्कृत किया। इस अवसर पर एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार और आरआई रकम सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।